अंबिकापुर
(समाचारवाणी)
सरगुजा संभाग के निवासियों के लिए कल का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि का साक्षी बनने जा रहा है। क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई प्रदान करते हुए माँ महामाया एयरपोर्ट, दरिमा (अम्बिकापुर) से देश के दो प्रमुख महानगरों-दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री करेंगे वर्चुअल शुभारंभ
इस गौरवशाली अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने कर-कमलों द्वारा वर्चुअल माध्यम से उड़ानों का शुभारंभ करेंगे। यह पहल न केवल उत्तर छत्तीसगढ़ की हवाई कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि साबित होगी।
पीजी कॉलेज आडिटोरियम में वर्चुअल कार्यक्रम
विमान सेवा के इस शुभारंभ हेतु स्थानीय स्तर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है, दिनांकः 30 मार्च 2026 (सोमवार) प्रातः 10ः00 बजे,पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम, अम्बिकापुर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वर्चुअल माध्यम से शुभारम्भ करेंगे।
संभाग की प्रगति की नई उड़ान
माँ महामाया एयरपोर्ट से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी उड़ान शुरू होना सरगुजा के आर्थिक और सामाजिक परिदृश्य को बदल देगा। यह केवल हवाई सेवा नहीं, बल्कि संभाग की प्रगति की नई उड़ान है।जिला प्रशासन द्वारा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और आम जनता को इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने हेतु सादर आमंत्रित किया गया है।
सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने लिया तैयारी का जायजा
सरगुजा के सांसद चिंतामणि महाराज ने सम्बंधित,अधिकारियों जिला प्रशासन और एयरपोर्ट अथॉरिटी से चर्चा कर अंबिकापुर -बिलासपुर- दिल्ली और अंबिकापुर -बिलासपुर कोलकाता के फ्लाइट शेड्यूल के अनुसार परिचालन संबंधी तैयारी के संबंध में चर्चा की और सरगुजा वासियों, अंचल की सुविधाओं हेतु आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।ज्ञात हो कि सरगुजा सांसद ने सरगुजा हवाई सेवा और रेल सेवा बेहतर बनाने के लिए लगातार दिल्ली में अधिकारियों से संवाद करते रहे हैं। उन्होंने जन आकांक्षाओं के अनुरूप सरगुजा को अन्य महानगरों से बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए आवश्यक प्रबंध के लिए लगातार प्रयास किए हैं।



