अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता - कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल

अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता - कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल

samacharvani.com
0

  •  जनसुविधाओं पर छत्तीसगढ़ कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल का पूरा फोकस,मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा
  •  सड़क-बिजली-पेयजल व्यवस्थाओं को समयसीमा में दुरुस्त करने के दिए निर्देश..



अम्बिकापुर 

(समाचारवाणी) 

 छत्तीसगढ़ पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री  राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को सरगुजा जिले में आमजन से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित के कार्यों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। जिला पंचायत अंबिकापुर के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में सड़क, बिजली, पेयजल, जलनिकासी, सफाई व्यवस्था तथा शहरी अधोसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य रूप से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, विनय कुमार अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मंत्री अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मानसून पूर्व सभी आवश्यक निर्माण, मरम्मत एवं सुधार कार्य समयसीमा में पूर्ण करने को कहा।।

 बिजली व्यवस्था में सुधार हेतु सख्त निर्देश,,,

स्वीकृत सब-स्टेशन कार्यों में तेजी, लो-वोल्टेज और कटौती की शिकायतों के समाधान पर जोर,,,



कैबिनेट मंत्री, राजेश अग्रवाल ने जिले की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बिजली कटौती, ट्रांसफार्मर सुधार, लो-वोल्टेज तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नियमित बिजली आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्वीकृत सभी सब-स्टेशन कार्य तत्काल प्रारंभ कर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रस्तावित सब-स्टेशनों के प्राक्कलन तैयार कर शीघ्र स्वीकृति हेतु भेजने को कहा।

उन्होंने अंबिकापुर शहर में प्रस्तावित पांच नए सब-स्टेशनों के लिए नगर निगम को अग्रिम आधिपत्य की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के शेष हितग्राहियों की पंचायतवार सूची तैयार कर सरपंच-सचिवों को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि पात्र उपभोक्ताओं को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

मंत्री अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि बारिश और गर्मी के मौसम को देखते हुए विद्युत विभाग की आपातकालीन टीमें सक्रिय रहें तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

 सड़क और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं

 बारिश पूर्व गड्ढामुक्त सड़कें और लंबित निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश..

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में छत्तीसगढ़ कैबिनेट मंत्री अग्रवाल, ने जिले की सड़क व्यवस्था पर विशेष फोकस करते हुए लंबित निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश से पहले सभी आवश्यक सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं, ताकि आमजनों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को शहर की सड़कों के मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर जलभराव वाले चिन्हित क्षेत्रों में सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए सिविल लाइन क्षेत्र में नए शासकीय आवास निर्माण हेतु स्थल निरीक्षण और कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने शहर में जर्जर भवनों को हटाकर वहां शासकीय आवास विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज के शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के साथ ही महामाया चौक से बंगाली चौक तक सड़कों के गड्ढे भरवाकर मरम्मत कराने तथा मनेन्द्रगढ़ रोड स्थित पीजी कॉलेज ग्राउंड के सामने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।।

 मानसून पूर्व तैयारियों पर विशेष जोर..

इस बैठक में पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट तथा जलनिकासी जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। 

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने नगर निगम को आगामी मानसून को देखते हुए जलभराव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध कब्जों पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा किराया नहीं देने वाले दुकानदारों से नियमित वसूली सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में आमजनों की मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए मंत्री, अग्रवाल ने अधिकारियों को जनहित सर्वाेपरि रखते हुए संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)