अघोषित बिजली कटौती, राष्ट्रीय राजमार्ग और निगम की जर्जर सड़क, बदहाल सफाई व्यवस्था, बंद स्ट्रीट लाइट, जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने किया चक्का जाम

अघोषित बिजली कटौती, राष्ट्रीय राजमार्ग और निगम की जर्जर सड़क, बदहाल सफाई व्यवस्था, बंद स्ट्रीट लाइट, जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने किया चक्का जाम

samacharvani.com
0


अंबिकापुर 

(समाचारवाणी) 

अम्बिकापुर शहर में अघोषित बिजली कटौती, राष्ट्रीय राजमार्ग और निगम की जर्जर सड़क, बदहाल सफाई व्यवस्था, बंद स्ट्रीट लाइट, बजबजाती नालियों की सफाई जैसे मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने आज संगम चौक पर चक्काजाम किया। चिलचिलाती धूप में 4 बजे  से प्रारंभ यह चक्काजाम इस खबर को लिखने तक जारी था। "बिजली कटने से लोग परेशान और बिल बढ़ता जा रहा है", "रोड हमारा बन नहीं पा रहा है, कहो मंजूषा मजा आ रहा है" जैसे स्लोगन के बोर्ड लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने   संगम चौक पर चक्काजाम की शुरूआत की।



 चक्काजाम स्थल पर पहुँचने वाले नागरिकों को मैलोडी चॉकलेट बांट कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ट्रिपल इंजन की सरकार में समस्याओं को भूल जाने और तकलीफों के साथ जीने का संदेश दिया। इन समस्याओं को लेकर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफ़ी अहमद ने 18 मई को सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन  दिया था। इस ज्ञापन देने के उपरांत भी स्थिति को सुधारने में सकारात्मक पहल नहीं होता देख आज के चक्काजाम का निर्णय लिया गया था।

आज के चक्काजाम से नागरिकों को होने वाली असुविधा के लिए माफी मांगते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि  नागरिक हित के लिए मजबूरन यह प्रयास करना पड़ रहा है। आवश्यकता होने पर कांग्रेस और बड़े आंदोलन के लिए तैयार है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सभा स्थल पर मौजूद अधिकारियों से सवाल करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने शहर की सड़कों के लिए 20 करोड़ रुपए दिये थे वो कहाँ है। चक्काजाम स्थल विद्युत विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए उन्होंने कहा कि आप लोगों की कमीशनखोरी और विद्युत लाईन में घटिया किस्म के उपकरणों के उपयोग के कारण शहर में विद्युत आपूर्ति की हालत दयनीय हुई है। चक्काजाम स्थल पर NH के अधिकारियों के नहीं आने के कारण उन्होंने NH कार्यालय के घेराव की चेतावनी भी उन्होंने दी है, साथ ही महामाया चौक से गुरुद्वारा तक गुणवत्तापूर्ण सड़क बनाने के लिए भी कहा है।



अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य श्री आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि राज्य और निगम में कांग्रेस की सरकार शानदार कार्य कर रही थी, लेकिन भाजपा ने कोई कार्य नहीं होने का झूठ फैला कर, जिसमे उंसे महारत है धोखे की सरकार बनाई और आज वो अपने ही फैलाये हुए जाल में फंस गई और आम नागरिकों पर समस्याओं को थोप दिया। पूर्व महापौर डॉ अजय तिर्की ने कहा कि अगर महापौर का अधिकारियों पर बस नहीं चल रहा है तो उन्हें तत्काल इस्तीफा देकर शहर के विकास की रुकावट को दूर करना चाहिए। उन्हें महिला होने और आदिवासी होने का विक्टिम कार्ड खेलना बंद कर देना चाहिए। निगम के पूर्व सभापति अजय अग्रवाल ने कहा कि शहर की स्थिति को सुधारने के लिए अगर हम कानून हाथ मे लेना पड़े तो पीछे नहीं हटेंगे। सरकार की कमीशनखोरी पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि बिजली विभाग वाले जानबूझकर शहर की विद्युत आपूर्ति चौपट किये हुए हैं। इसका कारण भाजपा राज में उन्हें अपने वेतन पर भी मंत्रियों को कमीशन देना है। इसी कारण वे भी चाहते हैं कि जल्द से जल्द यह कमीशनखोर सरकार विदा हो।



निगम में नेता प्रतिपक्ष शफ़ी अहमद ने कहा कि अधिकारियों के गैरजिम्मेदाराना रवैये के कारण शहर को काफी तकलीफ झेलनी पड़ रही है। ट्रिपल इंजन की सरकार के नेतृत्व का नियंत्रण भी इनपर नहीं रहा है। अम्बिकापुर की महापौर का हाल का प्रलाप इसका साक्षात उदाहरण है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ट्रिपल इंजन की सरकार ने नागरिक समस्याओं का तत्काल निराकरण नहीं किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

                 चक्काजाम के दौरान विद्युत विभाग, निगम, पी डब्लू डी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद थे। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने 2 दिन का वक़्त मांगते हुए व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया है। निगम और pwd के अधिकारियों ने 1 सप्ताह में सड़कों के सुधार का आश्वासन दिया है। 


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)