अंबिकापुर। बिश्रामपुर
(समाचारवाणी)
आज पूरा दिन राजनीतिक उबाल, शक्ति प्रदर्शन और चुनावी संदेशों के नाम रहा। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज अपराध के विरोध में शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन और अधिक उग्र दिखाई दिया। तपती धूप और गर्म हवाओं के बीच हजारों की भीड़, नेताओं के भाषण, नारों की गूंज और लगातार बढ़ती राजनीतिक तल्खी ने पूरे क्षेत्र का माहौल बदल दिया। धरना स्थल मंगलवार को उस समय पूरी तरह राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल गया, जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, आदितेश्वर सिंह देव, भानुप्रताप सिंह, शफ़ी अहमद, जिला अध्यक्ष शशि सिंह समेत कांग्रेस के कई बड़े नेता विश्रामपुर पहुंचे।
नेताओं ने धरना स्थल से भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर जमकर निशाना साधा विरोध प्रदर्शन के साथ कांग्रेस नेताओं ने शहर में रोड शो भी किया। नेताओं का जगह-जगह कार्यकताओं ने स्वागत किया। कांग्रेस के झंडों, नारों के बीच निकला यह रोड शो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। इसके बाद बस स्टैंड में भी सभा आयोजित की गई, जहां नेताओं ने चुनावी प्रचार के साथ पूरे घटनाक्रम को लेकर अपनी-अपनी बातें रखीं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में लोकतंत्र को दबाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को झूठे मामलों और पुलिस कार्रवाई के जरिए डराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता संघर्ष से पीछे हटने वाला नहीं है और यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन प्रदेशव्यापी होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए प्रशासन और पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र जैन को चुनावी रणनीति से दूर करने के लिए झूठे मामले में फंसाया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हरस्तर पर लड़ाई लड़ेगी और जरूरत पड़ी तो चुनाव आयोग तक जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने मंच से ऐलान किया कि यदि प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की और कांग्रेस की मांगें नहीं मानी गई, तो आंदोलन को अगले चरण में ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले क्रमिक भूख हड़ताल शुरू होगी और उसके बाद आमरण अनशन तक किया जाएगा। उन्होंने कार्यकताओं से संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि लोकतंत्र में पुलिस प्रशासन की भूमिका निष्पक्ष होनी चाहिए, लेकिन यहां राजनीतिक दबाव में कार्रवाई होती दिखाई दे रही है।
धरना, रोड शो और सभा के कारण पूरे दिन विश्रामपुर क्षेत्र का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में डूबा रहा। जिले सहित पूरे सरगुजा संभाग में इस घटनाक्रम को लेकर लोगों में खासा कौतूहल बना रहा। चाय दुकानों, चौक-चौराहों और बाजारों में दिनभर इसी मुद्दे पर चर्चा होती रही। लोग यह वासीसीटीवी फुटेज जांचे इतनी गंभीर धाराएं कैसे लगा दी गई। पार्टी की मांग है कि जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर लगी आर्म्स एक्ट की धारा हटाई जाए, उनकी पत्नी की शिकायत पर भी अपराध दर्ज हो तथा बिश्रामपुर थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित किया जाए। इस आंदोलन की बिश्रामपुर से शुरुआत होकर प्रदेश के सत्ता के गलियारों की फ़िज़ा गर्म कर चुकी है।






