- राजपुर में प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग खोलने भेजा जाएगा प्रस्ताव: सहायक आयुक्त.
बलरामपुर।राजपुर
(समाचारवाणी)
ऑल मीडिया प्रेस एसोसिएशन के बैनर तले सरगुजा संभाग अध्यक्ष अभिषेक कुमार सोनी ने आदिवासी विकास विभाग, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को आवेदन सौंपकर आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, खेल प्रतिभा प्रोत्साहन तथा प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग सुविधा प्रारंभ किए जाने की मांग की गई है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिला आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र होने के बावजूद ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों के युवाओं और विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल, मार्गदर्शन एवं जागरूकता संबंधी सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। संसाधनों की कमी और उचित मार्गदर्शन के अभाव में कई प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं अवसरों से वंचित रह जाते हैं।
ऑल मीडिया प्रेस एसोसिएशन द्वारा सामाजिक सरोकार एवं जनहित के मुद्दों पर निरंतर कार्य किए जाने का उल्लेख करते हुए राजपुर क्षेत्र के आदिवासी एवं ग्रामीण इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
इसके साथ ही क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से खेल प्रतियोगिताएं, प्रशिक्षण शिविर एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाने की मांग की गई है, ताकि आदिवासी युवाओं को जिला एवं राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि राजपुर क्षेत्र के अनेक विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर जाने को मजबूर हैं। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में राजपुर में निःशुल्क अथवा रियायती दर पर प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग सुविधा प्रारंभ किए जाने की आवश्यकता बताई गई है।
संस्था ने आदिवासी विकास विभाग से आवश्यक सहयोग एवं सकारात्मक पहल करने की मांग करते हुए कहा है कि इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण एवं आदिवासी समुदाय को शिक्षा, जागरूकता और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
सहायक आयुक्त ने आवेदन पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाते हुए कहा कि राजपुर क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग सुविधा प्रारंभ करने के संबंध में विभागीय प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा जाएगा। इस पहल से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन एवं अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


