अंबिकापुर
(समाचारवाणी)
विद्युत दरों में हुई वृद्धि के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के द्वारा नमनाकला स्थित विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री के कार्यालय का घेराव कर मुख्यमंत्री के नाम 5 सूत्रिय मांगों का ज्ञापन सौपा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित इस घेराव में सरगुजा जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मण्डल अध्यक्ष, मोर्चा-संगठन के सभी प्रभारी सहित बडी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
भारी बरसात में रैली निकाल कर बिजली दरों में वृद्धी वापस लो, अदानी का स्मार्ट मीटर लगाना बंद करो के नारों के साथ कांग्रेस का दल घेराव के लिये पहॅुंचा। कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से विद्युत दर में वृद्धी और 12 प्रतिशत की दर से लगाये गये ईधन प्रभार को तत्काल वापस लेने की मांग की। स्मार्ट मीटर को आमजन के साथ धोखा बताते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस मीटर के त्रुटिपूर्ण गणना के कारण लोगों को अनुबंध भार से अधिक खपत का बिल तो भेजा ही जा रहा है साथ ही साथ ही अनुबंध भार के उल्लंघन का सरचार्ज लगा उपभोक्ताओं पर आर्थिक भार डाला जा रहा है।
अपने ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर को स्वैच्छिक करने के साथ ही साथ इसके तकनीकी बिंदु पर जांच की मांग की है। अम्बिकापुर शहर में अघोषित बिजली कटौती, ठेकेदार और अधिकारियों की मिली भगत से मेंटेंनेंस में लापरवाही के मुद्दे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए इस मामले की जांच की मांग की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि बिजली विभाग ठेकेदारों के चंद कर्मचारियों के भरोसे शहर की बिजली व्यवस्था सम्हाल रहा है यह बेहद खेदजनक है।
एक ओर भाजपा सरकार के नितियों की वजह से आम लोगों का बिजली बिल तिगुना हो गया है वहीं ठेकेदार और बिजली विभाग के अधिकारियों के तालमेल के कारण बिजली आपूर्ति व्यवस्था ठप पडी है और शहर का आम नागरिक भीषण गर्मी में बेहाल है। कांग्रेस ने बिजली दरों से राहत दिलाने के लिये कीमतों में की गई वृद्धी को वापस लेने की मांग के साथ ही कांग्रेस सरकार की बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू करने की मांग की है।







