विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, स्कूल बसों का किया गया औचक निरीक्षण, विशेष चेकिंग अभियान के तहत् की गई ‘‘स्कूल/काॅलेज बसों’’ की चेकिंग स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों की परखी गई व्यवस्था, कमियां मिलने पर आवश्यक कार्यवाही के साथ दिए निर्देश..
बलरामपुर
(समाचारवाणी)
बलरामपुर जिला स्तरीय सडक सुरक्षा समिति की बैठक दौरान अध्यक्ष एवं कलेक्टर बलरामपुर तथा पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देशानुसार विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिला बलरामपुर के शंकरगढ़, रामानुजगंज एवं वाड्रफनगर में स्कूल बसों का विशेष जांच अभियान चलाया गया जिसमें पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री वैभव बैंकर के मार्गदर्शन एवं अति पुलिस अधीक्षक श्री विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में जिला परिवहन, पुलिस एवं यातायात की टीम द्वारा संयुक्त रूप से शैक्षणिक संस्थानों के स्कूल/काॅलेज बसों की जांच हेतु बुलाया गया था । जिसमें रामानुजगंज में 20 बसें, शंकरगढ़ में 17 बसें तथा वाड्रफ़नगर में 13 बसें इस प्रकार कुल 50 बसें जांच हेतु उपस्थित हुये। उच्चतम न्यायालय के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए, जांच में उपस्थित वाहनों का पंजीयन प्रमाण पत्र (आर.सी. बुक), मोटरयान कर जमा की रसीद, वाहन का परमिट,वाहन का फिटनेस प्रमाण पत्र, वाहन का बीमा प्रमाण पत्र, वाहन का प्रदूषण प्रमाण पत्र, चालक का अनुज्ञा पत्र, स्पीड गवर्नर, वाहन के मैकनिकल फिटनेस की जांच में हेड लाईट,. ब्रेक लाईट, पार्किंग लाईट, इंडिगेटर लाईट, स्टेयरिंग की स्थिति, टायर की स्थिति, वायपर, ब्रेकध्हैण्ड ब्रेक, क्लच, एक्सीलेटर,. सीट की स्थिति, हॉर्न, रिफ्लैक्टर इत्यादि की जांच की गई।
उक्त जांच के दौरान स्कूल/काॅलेज बसों के लिए दिये गये दिशा-निर्देशों के पालन नहीं करने वालों पर आवश्यक चलानी कार्यवाही भी की गई, शंकरगढ़ मे 05 बसें, रामानुजगंज मे 08 बसों में खामी पाए जाने पर परिवहन विभाग द्वारा कुल 13 बसो पर 14000 /-रुपए का चालान किया गया। तथा संबंधित संस्था प्रबंधक को खामी को जल्द से जल्द दूरूस्त करने हेतु निर्देशित किया गया है।
वाहन जांच के दौरान वाहन चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया तथा उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह वाले चालकों को लगातार मेडिसीन का उपयोग करने एवं कमजोर दृष्टी वाले वाहन चालकों को चश्मा लगाने की सलाह दिया गया। जांच के दौरान बसों में क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालकों से विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।





