रामानुजगंज
(समाचारवाणी)
सामाजिक सरोकारों के लिए निरंतर सक्रिय स्वयंसेवी संस्था जन चेतना कल्याण मंच के तत्वाधान में रामानुजगंज थाना परिसर में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर थाना पुलिस परिवार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया,तथा मिष्ठान खिलाकर उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पुरानडीह के सरपंच पति सुनील कुमार कन्हरे एवं जन चेतना कल्याण मंच के अध्यक्ष विकास दुबे ने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। दिन-रात जनसेवा में तत्पर रहने वाले पुलिस कर्मियों का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है। संस्था अध्यक्ष विकास दुबे ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही एक सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। जन चेतना कल्याण मंच सदैव सामाजिक जागरूकता एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय रहा है और आगे भी समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का कार्य करता रहेगा। सरपंच प्रतिनिधि सुनील कुमार कन्हरे ने कहा कि पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। उनके समर्पण और सेवा भावना के प्रति सम्मान प्रकट करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के सभी सदस्यों ने जलपान ग्रहण किया और संस्था द्वारा प्रदान किए गए अंगवस्त्र को अपने सम्मान का प्रतीक बताते हुए जन चेतना कल्याण मंच के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस कर्मियों ने कहा कि समाज के लोगों द्वारा दिया गया सम्मान उन्हें और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में लोकप्रिय लोकगायक पवन कुमार पाण्डेय ने भी अपनी विशेष भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सहयोग का संबंध लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। ऐसे सम्मान समारोह आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता को बढ़ावा देते हैं।
समारोह के दौरान रामानुजगंज थाना प्रभारी अजय साहू ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका अभिनंदन स्वीकार किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस विभाग जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। समाज के विभिन्न संगठनों द्वारा समय-समय पर मिलने वाला सहयोग एवं सम्मान पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने का कार्य करता है।
अंत में थाना प्रभारी अजय साहू ने जन चेतना कल्याण मंच, संस्था पदाधिकारियों, अतिथियों तथा उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और समाज के बीच इसी प्रकार का सहयोग एवं संवाद भविष्य में भी बना रहे, यही उनकी अपेक्षा है।


