लंबित भुगतान और फ़र्ज़ी किसान क्रेडिट कार्ड की जाँच की मांग पर किसान बैठे धरने पर, अनिश्चित कालीन आंदोलन शुरू

लंबित भुगतान और फ़र्ज़ी किसान क्रेडिट कार्ड की जाँच की मांग पर किसान बैठे धरने पर, अनिश्चित कालीन आंदोलन शुरू

samacharvani.com
0

 

 रामानुजगंज 

 (समाचारवाणी) 

रामानुजगंज में धान खरीदी वर्ष 2025-26 की लंबित भुगतान राशि तथा किसानों के नाम पर दर्ज कथित फर्जी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) प्रकरणों के निराकरण की मांग को लेकर क्षेत्रीय किसान बुधवार से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, शाखा रामानुजगंज के सामने शुरू हुए इस आंदोलन के मद्देनजर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं तथा मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

      किसान नेता नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। इस अवसर पर किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री विकास दुबे भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और किसानों की मांगों का समर्थन किया।

धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि धान खरीदी वर्ष 2025-26 की बकाया राशि का अब तक भुगतान नहीं किया गया है, जिससे अनेक किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इसके अलावा किसानों के नाम पर दर्ज कथित फर्जी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) मामलों के कारण भी उन्हें विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। किसानों ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर उन्होंने 9 जून 2026 को मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से वे आंदोलन के लिए मजबूर हुए हैं। 

किसानों द्वारा आंदोलन की सूचना पूर्व में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज, थाना प्रभारी रामानुजगंज तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के शाखा प्रबंधक को भी लिखित रूप से दी गई थी। धरना स्थल पर किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी दोनों प्रमुख मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। किसानों ने चेतावनी दी है कि मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है। किसानों के इस आंदोलन से क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)