बिहार के चर्चित भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग, सरगुजा सर्व ब्राह्मण सभा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, सी.बी.आई. से कराएं जाँच

बिहार के चर्चित भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग, सरगुजा सर्व ब्राह्मण सभा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, सी.बी.आई. से कराएं जाँच

samacharvani.com
0

 




अंबिकापुर | समाचारवाणी

बिहार के चर्चित स्वर्गीय भारत भूषण तिवारी कथित फर्जी एनकाउंटर प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सरगुजा सर्व ब्राह्मण सभा, अंबिकापुर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बुधवार को कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा बिहार सरकार के नाम मांग-पत्र प्रेषित करते हुए मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई।



सभा के प्रतिनिधिमंडल ने मृतक भारत भूषण तिवारी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच से ही आमजन का न्याय व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होगा। ज्ञापन में कहा गया है कि कथित एनकाउंटर की परिस्थितियों को लेकर कई गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं, इसलिए पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी, विशेष रूप से सीबीआई से कराई जानी चाहिए।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार भारत भूषण तिवारी का सामाजिक जीवन सम्मानजनक रहा तथा उनका कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। विभिन्न समाचार माध्यमों में उन्हें सामाजिक कार्यकर्ता एवं कानून का पालन करने वाला नागरिक बताया गया है। ऐसे में पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्च स्तरीय जांच आवश्यक है, ताकि सत्य सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें

•भारत भूषण तिवारी की मृत्यु की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जाए।

•जांच पूरी होने तक संबंधित पुलिस अधिकारियों को उनके पदों से हटाकर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।

•दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

•पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।

•पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

•जांच प्रक्रिया की निगरानी उच्च न्यायालय अथवा किसी स्वतंत्र प्राधिकरण द्वारा कराई जाए।

सरगुजा सर्व ब्राह्मण सभा ने विश्वास व्यक्त किया कि न्याय एवं विधि के शासन की रक्षा के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार इस मामले में आवश्यक और त्वरित कार्रवाई करेगी।

जिला अध्यक्ष राजेश तिवारी अधिवक्ता के मार्गदर्शन में सचिव विनोद तिवारी, सहसचिव सुनील तिवारी, कोषाध्यक्ष मनोज तिवारी सहित ब्राह्मण सदस्यो ने जिला संगठन की ओर से ज्ञापन सौपा।




समाचारवाणी | अंबिकापुर

ज्ञापन की प्रति..






एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)