रायपुर में जुटे प्रदेशभर के जनपद पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, संगठन मजबूती पर जोर

रायपुर में जुटे प्रदेशभर के जनपद पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, संगठन मजबूती पर जोर

samacharvani.com
0


रायपुर में जुटे प्रदेशभर के जनपद पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, संगठन मजबूती पर जोर. प्रदेश स्तरीय सम्मेलन जल्द, रायपुर बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय.



रायपुर 

(समाचारवाणी)

प्रदेश स्तरीय जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष संघ छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को रायपुर स्थित विमतारा सभागार में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष शामिल हुए। इस दौरान जनपद पंचायतों के संचालन एवं विकास कार्यों में आ रही विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने जनपद पंचायतों के अधिकारों, विकास कार्यों की स्वीकृति, वित्तीय प्रबंधन, प्रशासनिक समन्वय तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विभिन्न जिलों से आए अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं सुझावों को साझा करते हुए उनके निराकरण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।



बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय आगामी दिनों में प्रदेश स्तरीय जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी जनपद पंचायत सदस्यों का विशाल सम्मेलन आयोजित करने का रहा। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। सम्मेलन के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं, अधिकारों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को एक साझा मंच पर रखने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों के हितों की रक्षा तथा उनके संवैधानिक अधिकारों को मजबूत बनाने के लिए संगठन स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी। इसके अलावा पंचायत प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण, विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा शासन-प्रशासन के साथ समन्वय बढ़ाने संबंधी कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पंचायत राज व्यवस्था को सशक्त करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ग्रामीण विकास और जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष एवं सहयोग की भावना के साथ कार्य करने का विश्वास व्यक्त किया।

बलरामपुर जिले से राजपुर जनपद अध्यक्ष विनय भगत,जनपद अध्यक्ष शंकरगढ़ श्रीमती चिंतामणि भगत एवं वाड्रफ़नगर जनपद अध्यक्ष श्रीमति शशि सिंह पोर्ते उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)