जनपद पंचायत राजपुर में ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न..
राजपुर। बलरामपुर
(समाचारवाणी)
कलेक्टर बलरामपुर श्रीमति चंदन संजय त्रिपाठी के विशेष मार्गदर्शन में, आज जनपद पंचायत राजपुर के सभाकक्ष में ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
उक्त कार्यशाला की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी राजपुर श्री देवेंद्र प्रधान द्वारा की गई। कार्यक्रम का संयोजन जनपद पंचायत राजपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय दुबे ने किया और कार्यशाला को सम्बोधित किया।
कार्यक्रम में जिला मुख्यालय से आए विशेषज्ञ प्रशिक्षण दल ने जनपद स्तर पर नियुक्त नोडल अधिकारियों, पंचायत सचिवों, पटवारियों, आर.ई.ए.ओ. (REAO), मितानिनों एवं अन्य संबंधित विभागीय कर्मचारियों को अभियान के उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से प्रशिक्षित किया।
सर्वेक्षण का महत्व और बारीकियां
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य रूप से ‘बेसलाइन सर्वे’ एवं शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभों के सटीक आंकलन पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण दल ने उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को सर्वे कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और तकनीकी पहलुओं के बारे में बारीकी से समझाया। इस बात पर विशेष बल दिया गया कि डेटा संग्रह पूरी तरह से पारदर्शी, त्रुटिरहित और जमीनी हकीकत पर आधारित हो, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुगमता से पहुँचाया जा सके।नियत समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अध्यक्षता कर रहे एस.डी.एम.राजपुर देवेंद्र प्रधान ने सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे आवंटित क्षेत्रों में पूरी गंभीरता के साथ सर्वे कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सर्वे का कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य है, ताकि ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जा सके।
कार्यशाला में जनपद के समस्त मैदानी अमले ने सक्रिय भागीदारी निभाई और सर्वे से संबंधित अपनी शंकाओं का समाधान भी प्राप्त किया।








