कृषि विभाग से प्राप्त खाद्य सामग्री के वितरण में धोखाधड़ी कर किसानों को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने वाले बरियों इलाके से तीन आरोपी गिरफ्तार..
राजपुर। बलरामपुर
(समाचारवाणी)
राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुन्दीकला में ग्रामीण महिलाओं को कृषि विभाग से प्राप्त खाद/उर्वरक वितरण के नाम पर धोखाधड़ी कर आर्थिक क्षति पहुंचाने के मामले में थाना राजपुर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रकरण में ग्राम कुन्दीकला के ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत की जांच के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध घटित करना पाए जाने पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर के माध्यम से प्राप्त प्रथम सूचना रिपोर्ट के आधार पर थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 177/2026, धारा 318(4), 336(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
क्या था घटना का तरीका
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी विनोद कुमार सांडिल्य एवं दीपक कुमार सांडिल्य द्वारा कृषि विभाग से प्राप्त खाद/उर्वरक को ग्रामीण महिला किसानों को वितरित करने के नाम पर पॉश मशीन में उनके अंगूठे के निशान लिए गए। विवेचना में पाया गया है कि आरोपियों द्वारा ग्रामीण महिलाओं की अंगूठों के माध्यम से खाद वितरण संबंधी इलेक्ट्रॉनिक डाटा तैयार कर लिया गया, जबकि वास्तविक रूप से खाद का वितरण नहीं किया गया।
आरोपियों द्वारा ग्राम की महिलाओं के नाम पर प्राप्त 2647 बोरी यूरिया एवं 570 बोरी डीएपी खाद के संबंध में कूटरचित/भ्रामक इलेक्ट्रॉनिक प्रविष्टियां कर खाद का वास्तविक लाभ किसानों तक नहीं पहुंचाया गया। इस प्रकार ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक क्षति पहुंचाकर आरोपियों द्वारा आर्थिक लाभ अर्जित किया जाना जांच में पाया गया है।
प्रकरण में आरोपी विकास अग्रवाल द्वारा भी आरोपियों को सहयोग किए जाने के संबंध में साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथन एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं साक्ष्य संकलित किए गए हैं।
प्रकरण में यूरिया एवं डीएपी की अनुमानित राशि क्रमशः ₹7,05,425.50 एवं ₹7,69,500/-, कुल ₹14,74,925.50 (लगभग 14.75 लाख रुपये) की खाद से संबंधित आर्थिक क्षति सामने आई है।
3 आरोपी गिरफ्तार
प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर
1. विनोद कुमार सांडिल्य, उम्र 28 वर्ष, निवासी कुन्दीकला, थाना राजपुर
2. दीपक कुमार सांडिल्य, उम्र 32 वर्ष, निवासी कुन्दीकला, थाना राजपुर
3. विकास कुमार अग्रवाल, उम्र 40 वर्ष, निवासी राजपुर
को दिनांक 13 अगस्त को क्रमशः 18:30 बजे, 18:40 बजे एवं 19:00 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना आरोपियों के परिजनों को विधिवत दी गई है।
प्रकरण में राजपुर पुलिस द्वारा विवेचना जारी है, तथा अन्य संबंधित तथ्यों एवं दस्तावेजों की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड की मांग की गई है।
थाना राजपुर पुलिस द्वारा प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई निरंतर जारी है।


