अंबिकापुर
(समाचारवाणी)
सरगुजा में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष एवं मास्टर ट्रेनरों का सरगुजा संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आज मंगलवार से होटल मयूरा में प्रारंभ हो गया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष श्री दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी एस सिंहदेव, पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत एवं प्रभारी प्रदेश संगठन महामंत्री श्री मलकीत गैदु ने दीप प्रज्वलित कर एवं कांग्रेस से जुड़े देश की महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। 17 सितंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में सरगुजा संभाग के 6 जिलों के 49 संगठनात्मक ब्लॉक के ब्लॉक अध्यक्ष के साथ ही साथ सभी जिलों के कुल 12 मास्टर ट्रेनर शामिल हो रहे हैं।
उद्घाटन सत्र में सभी पूर्व विधायकों के साथ ही साथ संभाग के सभी जिलों के जिलाध्यक्ष भी उपस्थित रहे। तीन दिनों के इस प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष श्री दीपक बैज ने कहा कि इस प्रशिक्षण की यह प्रक्रिया जो जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण से प्रारंभ हुए थी के आगे का एक पड़ाव ब्लॉक अध्यक्ष और मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण है जो आगे बूथ स्तर तक जारी रहेगा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने और एक दिशा देने के उद्देश्य से इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस आगामी चुनावों की तैयारियों में जुट गई है।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी एस सिंहदेव ने कहा कि पार्टी इस दिशा में काम कर रही है जहाँ कार्यकर्ताओं की एक ऐसी इकाई तैयार करना है जो निरंतरता में पार्टी के जनाधार को बढाये। उन्होंने कहा कि उदयपुर अधिवेशन के संकल्प अनुरूप पार्टी बूथ स्तर तक एक मजबूत संगठन बनने की दिशा में काम कर रही है। उद्घाटन सत्र का संचालन मुख्य प्रशिक्षक श्री युगल किशोर पांडे के द्वारा किया गया।
प्रथम दिवस 5 सत्रों का आयोजन
प्रशिक्षण सत्र के प्रथम दिन उद्घाटन सत्र के अतिरिक्त 5 अन्य सत्रों का आयोजन हुआ। पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी एस सिंहदेव ने राजस्व व्यवस्था एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के यथार्थ परिस्थितियों पर प्रशिक्षण दिया। पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने खनिज संपदा की लूट और वनों के विनाश पर एव जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिह ने आयोग की कार्यशैली और जनजातीय अधिकारों पर सत्र को संबोधित किया। पीसीसी के प्रशिक्षक श्री युगल किशोर पांडेय ने प्रशिक्षण की आवश्यकता के साथ ही पार्टी के संगठन सृजन अभियान के उद्देश्य को बतलाया, जबकि प्रशिक्षक श्री अशोक चतुर्वेदी ने पार्टी के इतिहास और विचारधारा से अवगत कराया। सत्र के दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, पूर्व केबिनेट मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, एआईसीसी सचिव श्री राजेश तिवारी सहित अन्य वक्त अपने टिप्स प्रशिक्षु ब्लॉक अध्यक्ष एवं मास्टर ट्रेनरों को देंगे।
(Samachar vani news ambikapur)






