कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर स्थापित करने वाला प्रदेश का पहला जिला बना बलरामपुर

कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर स्थापित करने वाला प्रदेश का पहला जिला बना बलरामपुर

samacharvani.com
0

  •  प्रिज्मा एआई के साथ एमओयू और सेवा सेतु शिविरों को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई पत्रकार वार्ता.
  • एआई आधारित आजीविका केंद्र और 01 से 07 अक्टूबर तक लगने वाले सेवा सेतु शिविरों पर दी गई जानकारी.



बलरामपुर 

30 सितंबर 2026

(समाचारवाणी) 

 जिला प्रशासन बलरामपुर-रामानुजगंज और प्रिज्मा एआई के बीच कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर की स्थापना हेतु किए गए गैर-वित्तीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) तथा सेवा संकल्प अभियान के तहत 01 से 07 अक्टूबर तक संचालित होने वाले सेवा सेतु शिविरों के संबंध में आज जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया कि जिले की स्व-सहायता समूह की महिलाओं और शिक्षित ग्रामीण युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित आजीविका से जोड़ने के उद्देश्य से यह एमओयू किया गया है, जिसके साथ ही बलरामपुर डेटा लेबलिंग एवं एआई के लिए ऐसा केंद्र स्थापित करने वाला प्रदेश का पहला जिला बन गया है। इस अवसर पर जिले के पत्रकारगण, स्व-सहायता समूह की दीदियाँ, जिला पंचायत सीईओ श्री आशुतोष चतुर्वेदी, प्रिज्मा एआई के सीईओ डॉ. श्रीराम अय्यर, सीओओ श्री अमिताभ राय चौधरी एवं सीटीओ श्री विनीत कुमार झा उपस्थित थे।



कलेक्टर ने बताया कि इस समझौते का उद्देश्य डेटा एनोटेशन एवं कॉग्निटिव डेटा-प्रोसेसिंग गतिविधियों में स्व-सहायता समूहों और स्थानीय युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उन्हें संरचित प्रशिक्षण, पर्यवेक्षित कार्य अनुभव और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। पायलट चरण में बलरामपुर में 10 सीटों वाला संचालन केंद्र शुरू होगा, जहाँ एक समर्पित प्रशिक्षक और गुणवत्ता पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। चयनित प्रतिभागियों को एआई साक्षरता, डिजिटल कौशल, डेटा लेबलिंग, इमेज एवं ऑब्जेक्ट टैगिंग, वर्गीकरण, सत्यापन और गुणवत्ता समीक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर विशेषज्ञों की देखरेख में वास्तविक परियोजनाओं पर कार्य कराया जाएगा।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा, “इस पहल में बलरामपुर का प्रदेश में अग्रणी होना जिले के लिए गौरव की बात है। जिले के स्व-सहायता समूहों में बड़ी संख्या में 12वीं उत्तीर्ण एवं स्नातक सदस्य हैं, जो स्मार्टफोन और कंप्यूटर चलाने में दक्ष हैं। यह केंद्र हमारी दीदियों को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़कर अपने ही जिले में सम्मानजनक और नियमित आय दिलाएगा तथा लखपति दीदी के लक्ष्य को साकार करेगा। एआई के बढ़ते दायरे में यह कौशल युवाओं के लिए भविष्य के नए अवसरों का आधार बनेगा।” उन्होंने बताया कि केंद्र तकनीक, संचालन, प्रशिक्षण, प्रतिभागियों के पारिश्रमिक और इंटरनेट कनेक्टिविटी का व्यय प्रिज्मा एआई वहन करेगी, जबकि जिला प्रशासन परिसर उपलब्ध कराने, हितग्राहियों के चयन और विभागीय समन्वय में सहयोग करेगा।

पत्रकार वार्ता में प्रिज्मा एआई के सीईओ डॉ. श्रीराम अय्यर ने केंद्र की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि एआई प्रणालियों को प्रशिक्षित करने के लिए बड़ी मात्रा में सटीक रूप से चिह्नित डेटा आवश्यक होता है, जिसे डेटा एनोटेशन के माध्यम से तैयार किया जाता है। केंद्र में प्रशिक्षित प्रतिभागी चित्रों, वस्तुओं एवं अन्य डेटा की पहचान, टैगिंग और वर्गीकरण कर एआई परियोजनाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण डेटा तैयार करेंगे। इससे उन्हें तकनीकी क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव और नियमित आय, दोनों प्राप्त होंगे।

इसके पश्चात कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान (17 सितंबर- 17 अक्टूबर 2026) के अंतर्गत जिले के सभी छह विकासखंडों में लगने वाले सेवा सेतु शिविरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनसमस्या निवारण शिविर के रूप में आयोजित इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर उन्हें शासकीय योजनाओं से जोड़ा जाएगा। शिविरों के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने पत्रकारगण से शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील की, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने नजदीकी सेवा सेतु शिविर में पहुँचकर योजनाओं का लाभ ले सकें।




जारी समय सारणी के अनुसार शंकरगढ़ विकासखंड में 01 अक्टूबर को एकलव्य आदर्श विद्यालय खेल मैदान दोहना, 03 को पहाड़ी कोरवा आश्रम के पास बेलकोना, 05 को शासकीय हाई स्कूल मैदान दुर्गापुर तथा 06 अक्टूबर को सावंत सरना डीपाडीहकला में शिविर होंगे। राजपुर विकासखंड में 01 अक्टूबर को ग्राम पंचायत कोटडिहा, 02 को गोपालपुर, 03 को अलखडीहा, 04 को नगर पंचायत राजपुर, 05 को परसागुड़ी, 06 को बरियो और 07 अक्टूबर को खोडरो में शिविर आयोजित किए जाएँगे। वाड्रफनगर विकासखंड में 01 अक्टूबर को ग्राम पंचायत रघुनाथनगर, 05 को पंडरी, 06 को प्रेमनगर और 07 अक्टूबर को चलगली शिविर स्थल रहेंगे। कुसमी विकासखंड में 01 अक्टूबर को बाजारपारा करौंधा, 03 को हाई स्कूल परिसर चांदो, 04 को हाई स्कूल मैदान सामरी, 05 को ग्राम पंचायत भवन परिसर मदगुरी और 06 अक्टूबर को ग्राम पंचायत भवन परिसर सबाग में शिविर लगेंगे।

बलरामपुर विकासखंड में 01 अक्टूबर को दलधोवा, केरता, कपिलदेवपुर व सरनाडीह, 02 को तातापानी, 03 को नगर पालिका परिषद बलरामपुर व सरनाडीह, 04 को सेमली व भेलवाडीह, 05 को भैंसामुण्डा, महाराजगंज व राधाकृष्णनगर, 06 को रनहत व तारकाखाड तथा 07 अक्टूबर को हाई स्कूल डौरा, लिलौटी, पस्ता और कण्डा में शिविरों का आयोजन होगा। रामचंद्रपुर विकासखंड में 01 अक्टूबर को ग्राम पंचायत सनावल स्थित दुर्गा मंदिर के पास, 02 को आरागाही हाई स्कूल मैदान, 03 को डिंडो हाई स्कूल मैदान, 04 को महावीरगंज हाई स्कूल मैदान, 05 को रामलीला मैदान रामचंद्रपुर, 06 को स्कूल मैदान त्रिकुंडा और 07 अक्टूबर को काका लरंग साय सामुदायिक भवन रामानुजगंज में शिविर आयोजित किया जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)