राजपुर।बलरामपुर
(समाचारवाणी)
सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर थाना राजपुर में राजपुर, शंकरगढ़, कुसमी के अधिकारियों की अंतर विभागीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
थाना राजपुर परिसर में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुविभागीय दण्डाधिकारी राजपुर, अनुविभागीय दण्डाधिकारी एस डी एम.राजपुर,शंकरगढ़ एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कुसमी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग , लोक निर्माण विभाग , यातायात विभाग से रक्षित निरीक्षक , वन विभाग, पीएमजीएस वाई.तथा थाना प्रभारी राजपुर,कुसमी,शंकरगढ़ एवं चौकी प्रभारी बरियो सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा सड़क निर्माण एवं रख-रखाव से संबंधित समस्याओं का विभागों के आपसी समन्वय से निराकरण करने का रूप रेखा तैयार किया गया ! बैठक के दौरान एसडीएम. राजपुर द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित निर्माण एवं अन्य कार्यों में आवश्यक प्रगति लाने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। सड़क निर्माण एवं रख-रखाव कार्यों के दौरान यातायात व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।
मुख्य मार्ग में लगेंगे संकेतक..
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से संभावित दुर्घटना स्थल एवं संवेदनशील स्थानों को चिन्हांकित कर वहां आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, चेतावनी एवं सांकेतिक बोर्ड तथा अन्य सड़क सुरक्षा संबंधी संकेतक लगाए जाने के संबंध में निर्देश दिए गए। साथ ही वाहन चालकों को आगे सड़क की स्थिति, मोड़, आबादी क्षेत्र एवं अन्य संभावित जोखिमों के संबंध में पर्याप्त पूर्व सूचना उपलब्ध हो सके, इसके लिए आवश्यक यातायात संकेतक लगाने पर भी चर्चा की गई। बैठक में सड़क के दोनों ओर उगी हुई झाड़ियों एवं अनावश्यक पेंड-पौधों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए गए, ताकि वाहन चालकों को सड़क एवं सामने से आने वाले वाहनों की स्पष्ट दृश्यता बनी रहे तथा दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
इसके अतिरिक्त सड़क किनारे अनाधिकृत अतिक्रमण को हटाने, यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा सड़क के दोनों ओर आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
अधिकारियों द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में यह भी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग एवं प्रमुख मार्गों पर दुर्घटना संभावित स्थलों का चिन्हांकन कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय समयबद्ध रूप से किए जाएं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध हो।
बैठक के अंत में स्कूल कालेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों में जागरूकता लाने संबंधी आवश्यक चर्चा कर संबंधित विभागों को अपने-अपने स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।





