सरगुजा में बढ़ रहे अपराधों पर कांग्रेस ने जताया विरोध

सरगुजा में बढ़ रहे अपराधों पर कांग्रेस ने जताया विरोध

samacharvani.com
0

 कांग्रेस पदाधिकारियों और युवक कांग्रेस ने एसपी को सौंपा ज्ञापन 



अम्बिकापुर (समाचारवाणी)

एसईसीएल के खदान में डकैती के आरोपित भाजपा कार्यकर्ता को छुड़ाने के लिए अम्बिकापुर विधायक के भाई द्वारा प्रशिक्षु डीएसपी से दुर्व्यवहार और धमकी के मामले में आरोपित भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इधर वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने मामले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मामले के जांच की मांग की है।

        युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष विकल झा के नेतृत्व में युवक कांग्रेसियों ने पुलिस अधीक्षक को को ज्ञापन सौंप कर कहा कि इंटरनेट मीडिया में प्रसारित वीडियो में लखनपुर थाना में घुसकर विधायक राजेश अग्रवाल के बड़े भाई भाजपा नेता विजय अग्रवाल प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक जो कि लखनपुर थाना प्रभारी भी थे, उनसे दुर्व्यवहार करते, धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं। विधायक के भाई अमेरा खदान में डकैती के आरोपी भाजपा कार्यकर्ता को छुड़ाने के लिए पुलिस पर दबाव बना पुलिस कर्मियों को शासकीय और पदीय दायित्व का निर्वहन करने से रोक रहे थे।समाचार माध्यमो से यह भी पता चला कि पुलिस कर्मियों से दुर्व्यवहार करने वालों पर कानूनी कार्रवाई न कर प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक को ही थाना प्रभारी के पद से हटा दिया गया है। इस तरह के कृत्य से अपराधियो का मनोबल बढ़ा है।

युवक कांग्रेसियों ने विधायक के भाई पर कानून सम्मत कार्यवाही की मांग की है। जल्द कार्यवाही न होने पर युंकइयों ने  बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन सौंपने वालो में आशीष वर्मा, दिनेश शर्मा, रजनीश सिंह,उत्तम राजवाड़े,अविनाश ठाकुर, विकास केशरी,आकाश अग्रहरि, हिमांशु अग्रवाल,सतीश घोष,केदार यादव सहित युवक कांग्रेस कार्यकर्ता  शामिल थे।         

बढ़ रही अपराधिक घटनाएं       

सरगुजा संभाग में बढते अपराध और जनप्रतिनिधियों के रसूखदार रिश्तेदारों के द्वारा अपराधियों के पक्ष में प्रशासन व पुलिस पर बनाये जा रहे दबाव को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री बालकृष्ण पाठक, श्री अजय अग्रवाल, श्री जे0पी0 श्रीवास्तव, शफी अहमद, श्री द्वितेन्द्र मिश्रा, डॉ अजय तिर्की, राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा एवं विनय शर्मा ने संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि भाजपा की सरकार आने के साथ ही अचानक से सरगुजा संभाग में आपराधिक घटनाओं की बाढ आ गई है। जनप्रतिनिधियों के रिश्तेदार पुलिस के ईमानदार अधिकारियों  पर अपराधियों के खिलाफ की जा रही कारवाई के विरोध में निर्लज्जता से खुलेआम दबाव बना रहे हैं और रातो रात उनके तबादले करवा रहे हैं। आम नागरिक भयक्रॉंत है कि कब किधर से युवाओं का गैंग उनपर हमले कर दे, या पेट्रोल बम फेंक दे। नागरिक भयक्रॉंत है। अपने नौनिहालों को लेकर कि कहीं कोई अपराधी उनका फिरौती के लिये अपहरण कर प्रतापपुर जैसी घटना को अंजाम न दे दे। लोग भयभीत हैं कि कहीं कोई अपराधी घर में अकेले बैठी महिला पर गोली न चला दे। लोगों के आम दिनचर्या में भय व्याप्त हो गया कि कब कोई गैंग राह चलते उनपर हमला न कर दे। प्रशासन और कानून तो वही है जो कि भाजपा के शासन में आने के पहले मौजूद था, फिर अचानक से भाजपा के शासन में आने के बाद ऐसा क्या हुआ कि चारो ओर दहशत का माहौल है। क्या लखनपुर थाने में जो हुआ इस प्रकार के तथ्य तो नहीं है कि एक कर्तव्य परायण अधिकारी को उसकी ड्यूटी करने पर जनप्रतिनिधी के रिश्तेदार उस अधिकारी के साथ गाली-गलौज करते हैं और अपराधियों को छोडने का दबाव बनाते हैं। प्रतापपुर में एक मासूम की फिरौती और हत्याकांड में शामिल व्यक्ति के तथाकथित रुप से सोसल मीडिया पर मौजूद साक्ष्यों के आधार पर पता चलता है कि वो सत्ताधारी दल के युवा संगठन से जुडा हुआ है। लखनपुर कांड में जनप्रतिनिधी के रिश्तेदार जिन लोगों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं, बताया जाता है कि वे उनके ही कर्मचारी हैं, और कोयला चोरी का काम करते हैं। ये वे तथ्य हैं जो बताते हैं कि सत्ताधारी दल के लोग ही अपराध को संरक्षण दे रहे हैं। 

    इन्होंने कहा कि  कांग्रेस ने अपने शासनकाल में पूरे सरगुजा संभाग को अपराध मुक्त रखा था। भाजपा का मौजूदा शासन  में फिर से दहशत और जंगलराज व्याप्त होता जा रहा है। कांग्रेस समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझते हुए  इन परिस्थितियों के विरुद्ध संघर्ष की है और आगे भी संघर्ष करेगी। कांग्रेस आम नागरिक मंचों से भी आवाहन करती है कि वे भी इस भय के माहौल से सामाज को छुटकारा दिलाने के लिये आगे आयें, कांग्रेस भी संघर्ष में उनके साथ रहेगी। 



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)