नेशनल हाईवे पर एक रात में दो दर्जन साल पेड़ों की बेरहमी से कटाई

नेशनल हाईवे पर एक रात में दो दर्जन साल पेड़ों की बेरहमी से कटाई

samacharvani.com
0

 वन विभाग द्वारा लकड़ी ज़ब्त कर,आरोपियों के खिलाफ़ मामला दर्ज, मामले की जांच शुरू 



राजपुर (बलरामपुर)  

समाचारवाणी 

बलरामपुर वन मंडल के राजपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे 343 पर बीती रात अलखडीहा ग्राम के ढाबे के पास 26 साल पेड़ों की कटाई के मामले में आज दिन भर इलाके में  गहमा गहमी रही । बासेन सर्कल के अंतर्गत अलखडीहा ग्राम में मुख्य मार्ग के किनारे एक साथ  26 साल पेड़ों की बेरहमी से कटाई करके धराशाई कर दिया गया और लगभग आधा एकड़ वन क्षेत्र में लकड़ी तस्करों ने जंगल की कटाई का दुस्साहस किया है। यहां छोटे छोटे झाड़ भी काटे गए और ये किसी संगठित गिरोह द्वारा ज़मीन कब्ज़ा करके इलाक़े में दहशत पैदा करने की कोशिश है। एक लंबे समय बाद राजपुर वन विभाग के  बासेन सर्किल में इतने पेड़ों को एक रात में ही काटा गया है।

लंबी तैयारी कर आए तस्कर

बताया जा रहा है कि कई वाहनों में आरोपी आए थे और लकड़ी तस्करों ने आरी मशीन का भी उपयोग किया है। घटाना स्थल पर डिस्पोजल गिलास , शराब की बोतलें बरामद हुई है। पास में ढाबे में अक्सर संदिग्ध व्यक्ति देखे जा रहे थे। पहली नज़र में ये ज़मीन कब्ज़ा करके मकान, खेत बनाने की साजिश रची गई है। इससे पहले भी इस इलाके में वन अधिकार मान्यता पत्र लेने  कई बार जंगल की कटाई की गई थी और जंगल पट्टा के लिए पटवारी, वनकर्मी, सचिव पर भी दबाव बना पट्टा लिया गया है। एक परिवार के पूरे सदस्यों को वन अधिकार मिल गया है।

वन विभाग द्वारा लकड़ी ज़ब्त कर अज्ञात लोगों पर अपराध पंजीबद्ध

आज सुबह मामले की जानकारी होने पर एसडीओ रवि श्रीवास्तव, रेंजर महाजन साहू ने वन अमले के साथ मौके पर पहुंचकर काटी गई लकड़ी ज़ब्त कर , पंचनामा बना कर वन अधिनियम के अनुसार अज्ञात लोगों के खिलाफ़ मामला दर्ज किया। इलाक़े के सर्किल इंचार्ज, वन कर्मियों से पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। रेंज ऑफिसर महाजन साहू ने बताया कि किसी आरोपी को बक्शा नहीं जायेगा और  जांच उपरांत कड़ी कार्यवाही शुरू की जायेगी। सभी वन सर्किल में सघन जांच शुरू किया जायेगा। लगातार कार्यवाही जारी रखी जायेगी।

नहीं थम रहा वन भूमि कब्जे का सिलसिला

वन विभाग द्वारा लकड़ी तस्करों पर नियंत्रण न होने से कई गांवों में जंगल से बाहर ज़मीन पर दबंग और बड़े किसान  कब्जा कर जेसीबी मशीन से समतल भूमि कर पेड़ काट कर साफ कर रहे हैं। कई स्थानों पर मक्का धान की खेती की जा रही है। इसमें स्थानीय कर्मचारियों की लापरवाही उजागर हुई है । यदि वन विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने की कड़ी कार्यवाही शुरू नहीं हुई तो कई जंगलों को खेत बनते देर नहीं लगेगी। राजपुर अंचल में नागरिकों ने विभाग को सभी वनों की जांच कर कटाई रोकने की मांग की है।


      Samachar Vani news 

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)