अंबिकापुर
(समाचारवाणी)
सरगुजा के लुण्ड्रा ब्लाक के सिलसिला में संचालित मां कुदरगढ़ी एलुमिना प्लांट में रविवार को बड़ा हादसा हो गया है। एलुमिना प्लांट का कोयला से लोड हॉपर व करीब 150 फुट बेल्ट गिर जाने से उसके नीचे काम कर रहे 8 से 9 मजदूर दब गए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दोपहर तक पांच मजदूरों के बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया, जहाँ दो मजदूर की मौत की पुष्टि हुई।घटना स्थल पर एक मौत हो चुकी थी। इस तरह तीन मौत की ख़बर है।हॉपर के नीचे अभी भी मजदूरों के दबे होने की जानकारी दी गई है। बचाव कार्य ज़ारी है।
जानकारी के मुताबिक, मां कुदरगढ़ी एलुमिना प्लांट में सुबह करीब 11 बजे काम के दौरान कोयला लोड हॉपर नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्लांट में काम करने वाले मजदूरों ने हाइड्रा व जेसीबी सहित मशीनों से मलवा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पांच मजदूरों को बाहर निकाला गया। उन्हें आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल एंबुलेंस से भेजा गया। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचने पर दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया है व अन्य दो मज़दूर की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। मलवा हटा रेस्क्यू का काम जारी था।
दुर्घटना की सूचना पर रघुनाथपुर चौकी की पुलिस टीम सदल बल मौके पर पहुंच कंपनी के प्लांट में हाइड्रा व जेसीबी मंगाकर एवं गैस कटर से लोहे को काटकर मलवा हटाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मलबे में तीन से चार मजदूर दबे हुए हैं, जिन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है। घटना से एलुमिना प्लांट में हड़कंप मचा हुआ है। एलुमिना प्लांट का संचालन मां कुदरगढ़ी एलुमिना प्लांट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाता है। बता दें कि एल्युमीना प्लांट का सिलसिला सहित आसपास के ग्रामीणों ने भारी विरोध किया था, जिसके कारण यह चर्चा में आया था। प्लांट में मैनपाट से लाए गए बाक्साइट का परिशोधन कर एलुमिना बनाया जाता है। बताया जाता है की प्लांट मैनेजमेंट की लापरवाही से ये हादसा हुआ। भूसे की जगह कोयला ओवरलोड होने के कारण कोयला लोड हॉपर नीचे गिर गया, जो लापरवाही उजागर हुई। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


