राजपुर
समाचारवाणी
राजपुर में आज रेस्ट हाउस के पास ट्रक ने एक महिला को अपने चपेट में ले लिया जिससे चक्के में दबकर मौत हो गई।बूढाबगीचा निवासी 65 वर्ष उलासो कुजूर पति मनोहर कुजूर अपनी बेटी 35 वर्ष अंजना कुजूर के साथ स्कूटी में सवार होकर बाजार से अपने घर जा रही थी। राजपुर साप्ताहिक बाज़ार के पास तेज गति वाले ट्रक 07 सीएम 2816 का चालक 26 वर्षीय अंकित यादव ने लापरवाही से तेज़ ट्रक चलाते हुए चपेट में ले लिया जिससे बुजुर्ग महिला की मौक़े पर ही मौत हो गई,जबकि स्कूटी चला रही बेटी अंजना कुजूर घायल हो गई, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक का पीछा करते हुए फॉरेस्ट बैरियर चांची के पास से चालक अंकित यादव को पकड़ लिया। ट्रक ज़ब्त कर राजपुर पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया। राजन त्रिपाठी सहित कुछ नागरिकों ने मुख्य मार्ग से भीड़ नियंत्रित करने और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से सामग्री हटाने की प्रशासन से अपील की है।इधर नागरिकों का आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी गाँधी चौक में है, जबकि बाज़ार के दिन रेस्ट हाउस के पास कोई व्यवस्था नहीं थी। नगर पंचायत प्रबंधन द्वारा साप्ताहिक बाजार के उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई दुकानदार मुख्य मार्ग में दुकान लगा रहे हैं इससे नेशनल हाईवे सकरी हो जा रही है,और दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।डेली मार्केट और साप्ताहिक बाजार में नगर पंचायत, स्थानीय प्रशासन द्वारा नियंत्रित करना बहुत जरूरी है।
लगातार नेशनल हाईवे 343 पर होने वाली दुर्घटनाओं ने राजपुर आंचल को सिहरा दिया है। इससे पूर्व ही राजपुर में दो युवकों की वाहनों की चपेट में आकर मौत हो चुकी है। राजपुर साप्ताहिक बाजार के दिन मुख्य मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहनों की पार्किंग होती है, और अक्सर भीड़ लगी रहती है।मुख्य बाजार के साथ डेली मार्केट तक तेज गति से वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। दिवाली के अवसर पर मुख्य मार्ग में कई व्यापारिक प्रतिष्ठान दुकान के बाहर भी सामान रख रहे हैं। इधर मुख्य मार्ग के किनारे भी दुकान लगाई जा रहे हैं यदि शीघ्र मुख्य मार्ग में यातायात नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में और दुर्घटनाएं होने की आशंका है।
इस मार्ग में कलिंकर लोड और गिट्टी लोड हाइवा, ट्रैला ट्रक बड़ी संख्या में गुजरती है।नगर पंचायत सीमा में भी उनकी रफ्तार काफी देखी जा रही है। इधर सब्जी व्यापारी के पिकअप वाहन प्रतिदिन तेज रफ्तार से मुख मार्ग से निकलते हैं जिससे कई दुर्घटनाएं हो रही हैं। अंबिकापुर राजपुर मार्ग में कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं। इससे प्रतिदिन कई दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं।राजपुर कुसमी मार्ग पर ग्राम भद्र के पास रफ्तार की कहर से कई दुर्घटनाएं और मौत हो चुकी है, गति नियंत्रक ब्रेकर की मांग ग्रामीणों ने की है।


