रायपुर
(समाचारवाणी)
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति रायपुर के सहयोग से चिराग सोशल वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोजना भाटापारा के द्वारा विश्व एड्स दिवस के अवसर पर शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल खोखली में विश्व एड्स दिवस पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
संस्था की परियोजना प्रबंधक दशोदी सिंह ने शिक्षक एवं उपस्थित छात्र -छात्राओं का स्वागत करते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि विगत दस वर्षों से बलौदाबाजार जिले में लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोजना का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। ह्यूमन इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस (एचआईवी) वह वायरस है जो एक्वायर्ड इम्यून डिफिसिएंसी सिंड्रोम (एड्स) का कारण बनता है। एचआईवी आपकी उतक -कोशिकाओं को नष्ट करके आपकी प्रतिरक्षा प्रणाली को तब तक कमजोर करता है जब तक कि आप छोटी-मोटी बीमारियों से भी लड़ने में असमर्थ नहीं हो जाते।
1982 में न्यूयॉर्क टाइम्स में इस बीमारी का पहली बार उल्लेख हुआ।भारत में एचआईवी का पहला मामला 1986 में चेन्नई में सामने आया। इसके पश्चात यह पूरे देश भर में तेजी से फैल गया। अभी तक इस वायरस को जड़ से समाप्त करने का कोई दवाई नहीं बनी है। विश्व एड्स दिवस 2024 का थीम *सही रास्ता अपनाएँ : मेरा स्वास्थ, मेरा अधिकार* इसलिए अपने स्वास्थ को और अपने परिवार के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अपने आस पड़ोस को एच आई वी / एड्स के प्रति जागरूक करें। सिविल अस्पताल भाटापारा, जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार में एच.आई.वी/एड्स का जांच मुफ्त में किया जाता है। अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1097 में कॉल करें। उपस्थिति बच्चों को एचआईवी संचरण के चार कारणों ,यौन जनित रोग के के लक्षणों तथा क्षयरोग के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दिया गया। संस्था द्वारा एचआईवी/एड्स विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रभा यादव एवं यशोदा दोनों प्रतिभागी को पुरस्कार भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के काउन्सलर सुलोचना देवांगन ,आउटरीच वर्कर प्रियंका मेश्राम, अनिता लहरे, विनोद सोनी, शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल खोखली के व्यायाम शिक्षक उमा प्रसाद राठौर, भूपेश पाण्डेय एवं समस्त स्टॉफ का सराहनीय योगदान रहा।



