बलरामपुर
(समाचारवाणी)
आज बलरामपुर जिले के राजपुर में धान खरीदी में टोकन की समस्या को लेकर राजपुर क्षेत्र केबड़ी संख्या में किसानों ने चक्का ज़ाम कर दिया। सुबह लगभग 10:30 बजे किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग अंबिकापुर–रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग 343 स्थित मंडी प्रांगण के धान खरीदी केंद्र के पास चक्का जाम कर दिया, जिससे एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बिना पूर्व सूचना के हुए चक्का जाम से नेशनल हाईवे 343 पर काफी देर तक दोनों और वाहनों की लंबी कतार लगी रही और मुख्य मार्ग में धान लोड ट्रैक्टर और ट्रकों की भीड़ होने से आम जन जीवन पर भी प्रभाव पड़ा।
किसानों का कहना है कि 12 जनवरी को तहसीलदार से हुई चर्चा में खरीदी की लिमिट बढ़ने पर टोकन समस्या समाप्त होने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद किसानों ने खरीदी केंद्र के पंजी में अपने नाम दर्ज कराए, लेकिन लिमिट बढ़ने के बावजूद पंजी में दर्ज किसानों के टोकन क्रमवार नहीं कट पाए, जिससे उनमें आक्रोश व्याप्त हो गया।
किसानों का क्रमानुसार कटेगा कूपन, लिमिट बढ़ाने भेजा जा रहा पुनः प्रस्ताव:तहसीलदार कावेरी मुखर्जी
मौके पर पहुंचीं तहसीलदार कावेरी मुखर्जी ने बताया कि राजपुर धान खरीदी केंद्र की लिमिट बढ़ाने के लिए शासन स्तर पर पुनः प्रस्ताव भेजा जा रहा है। इससे पहले तहसीलदार की पहल पर लिमिट बढ़ाने हुए हेतु प्रशासन को प्रस्ताव भेजा गया जिसके बाद राजपुर ब्लॉक के सभी समितियां में किसानों की लिमिट बढ़ाई गई थी।
आज राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने भी किसानों को आश्वस्त किया कि पंजी में दर्ज किसानों के टोकन क्रमवार काटे जाएंगे तथा धान खरीदी केंद्र में सहयोग के लिए पुलिस प्रतिनिधि की तैनाती की जाएगी।
सरकार धान ख़रीदे या क़र्ज़ माफ़ करें
प्रशासनिक आश्वासन के बाद किसानों ने चक्का जाम समाप्त किया। किसानों ने स्पष्ट कहा कि यदि समय पर धान की खरीदी नहीं होती है तो उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार उनका धान खरीदे या फिर उनका कर्ज माफ किया जाए।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी 19 दिसंबर को चक्का जाम तथा 5 जनवरी को किसानों द्वारा एसडीएम कार्यालय का घेराव किया जा चुका है। चक्का जाम की सूचना पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी भी मौके पर पहुंचे और किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया।









