अम्बिकापुर.
(समाचारवाणी)
सरगुजा जिले के अम्बिकापुर स्थित जिलान्यायालय में आज एक गंभीर घटना सामने आई है। न्यायालय के आधिकारिक ई-मेल पर एक अज्ञात व्यक्ति से बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धमकी मिलने के तुरंत बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह धमकी भरा ई-मेल सुबह प्राप्त हुआ, जिसमें न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। ई-मेल में विस्फोट का समय और तरीका भी उल्लेखित था, जिससे मामला और गंभीर हो गया। धमकी की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं।
जिला न्यायालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आने-जाने वाले सभी लोगों की गहन जांच की जा रही है। बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया है, जो परिसर के हर कोने की सघन तलाशी ले रहा है। न्यायालय के मुख्य भवन, चैंबर, पार्किंग क्षेत्र, कैंटीन, वेटिंग रूम और आसपास के इलाकों में छानबीन जारी है।


