राजपुर (बलरामपुर)
(समाचारवाणी)
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के जन्मदिन के उपलक्ष्य में राजपुर में भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुन्नालाल चौधरी ने किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए कई जनहितकारी गतिविधियों में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से की गई, जहां भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच फल वितरण किया गया। कार्यकर्ताओं ने मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इसके बाद बढ़ती गर्मी और चिलचिलाती धूप को देखते हुए किसानों के बीच छाते वितरित किए गए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और उनके सम्मान के लिए ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।
इसी क्रम में किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने स्थानीय छात्रावास का भी दौरा किया। यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री (शैक्षणिक किट) प्रदान की गई। पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और देश के विकास की सबसे मजबूत नींव है।
इस दौरान किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुन्नालाल चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष जगवंशी यादव, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष गोपाल साहू, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुनील गुप्ता और मंडल महामंत्री बालेश्वर यादव सहित कई वरिष्ठ किसान एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के स्वस्थ, सुखी और सुदीर्घ जीवन की कामना की।




