राजपुर।बलरामपुर
(समाचारवाणी)
शासन-प्रशासन एवं जिले के मंत्री सांसद विधायक की नाकामी, उदासीनता और संवेदनहीनता के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर द्वारा आगामी 3 सितंबर को राजपुर सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
ब्लॉक अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि राजपुर क्षेत्र की लाइफलाइन कही जाने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग NH-343 इन दिनों गड्ढों, कीचड़ और धूल से पूरी तरह बेहाल है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आम नागरिकों, राहगीरों, दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले व्यापारियों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस और स्थायी पहल नजर नहीं आ रही है।
बरसात के दिनों में सड़क के गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से वाहन चालकों के लिए आवागमन बेहद जोखिमपूर्ण हो गया है। वहीं मौसम साफ होने पर यही सड़क धूल के गुबार में तब्दील हो जाती है। इससे राहगीरों और आसपास के रहवासियों को धूल के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि वाहन चालकों को गड्ढों से बचते हुए आवागमन करना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।
सड़क की बदहाली केवल आवागमन की समस्या नहीं है, बल्कि यह आम जनता की सुरक्षा, स्वास्थ्य और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों से जुड़ा गंभीर विषय है। NH-343 पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने के कारण वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है, यात्रा का समय बढ़ रहा है और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता इस महत्वपूर्ण सड़क की दुर्दशा से परेशान है और लगातार सड़क सुधार की मांग की जा रही है, लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
शासन-प्रशासन एवं जिले के मंत्री सांसद विधायक की नाकामी, उदासीनता और संवेदनहीनता के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर द्वारा आगामी 3 सितंबर को राजपुर सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बदहाल सड़क पर “बेशर्मी का पौधा” लगाकर शासन-प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा।
कांग्रेस का कहना है कि जब वर्षों से सड़क पर विकास का पौधा नहीं उग पा रहा है, गड्ढे भरने और सड़क को चलने योग्य बनाने की दिशा में ठोस काम नहीं हो रहा है, तो अब मजबूर होकर सड़क पर “बेशर्मी का पौधा” ही लगाया जाएगा, ताकि शासन-प्रशासन को यह संदेश दिया जा सके कि जनता की परेशानी के प्रति जिम्मेदारों की संवेदनशीलता शायद खत्म हो चुकी है।
यह विरोध प्रदर्शन किसी राजनीतिक दिखावे के लिए नहीं, बल्कि NH-343 से प्रतिदिन परेशान हो रहे आम नागरिकों, वाहन चालकों, व्यापारियों और राहगीरों की आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर बदहाल NH-343 के स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण सुधार की मांग को मजबूती प्रदान करें। कांग्रेस की स्पष्ट मांग है कि NH-343 की तत्काल मरम्मत कर सड़क को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए, गड्ढों और कीचड़ की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा निर्माण एवं मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को वर्षों से चली आ रही इस परेशानी से निजात मिल सके।
कांग्रेस मांग करती है कि —
- NH-343 की बदहाल स्थिति का तत्काल संज्ञान लिया जाए।
- गड्ढों एवं कीचड़ की समस्या का तत्काल निराकरण किया जाए।
- सड़क को सुरक्षित एवं आवागमन योग्य बनाया जाए।
- मरम्मत एवं निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष निगरानी हो।
- सड़क की दुर्दशा के लिए जिम्मेदार निर्माण एजेंसी एवं अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
- जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी और गुणवत्तापूर्ण सड़क उपलब्ध कराई जाए।


