जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर ने राजपुर कमेटी की ली समीक्षा बैठक

जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर ने राजपुर कमेटी की ली समीक्षा बैठक

samacharvani.com
0

 


राजपुर। बलरामपुर 

(समाचारवाणी) 

जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर द्वारा राजपुर ब्लॉक के मंडल अध्यक्षों की समीक्षा बैठक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजपुर में आयोजित की गई। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री हरिहर प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर के अध्यक्ष श्री नीरज तिवारी ने की।



बैठक में राजपुर ब्लॉक के विभिन्न मंडलों में चल रही संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। मंडल अध्यक्षों से उनके क्षेत्रों में संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों, बूथ स्तर की गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली गई। साथ ही मंडल, पंचायत एवं बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पार्टी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को लेकर चर्चा हुई।



मुख्य अतिथि श्री हरिहर प्रसाद यादव ने मंडलवार संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए मंडल से लेकर बूथ स्तर तक प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं से सक्रियता के साथ संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने तथा आम जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।

बैठक में स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं एवं संगठनात्मक आवश्यकताओं पर भी पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। आगामी दिनों में आयोजित होने वाले पार्टी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश एवं जिम्मेदारियां तय की गईं।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर आपसी समन्वय स्थापित करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को और गति दी जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को जिम्मेदारी के साथ पूरा करने का आह्वान किया। साथ ही स्मार्ट मीटर के खिलाफ चलाए जा रहे जनअभियान को घर-घर तक पहुंचाने और आम उपभोक्ताओं की समस्याओं को सामने लाने के लिए सक्रियता से कार्य करने की अपील की।

बैठक के दौरान मंडलवार गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने पर जोर दिया। बैठक का समापन संगठनात्मक गतिविधियों को निरंतर गति देने के संकल्प के साथ हुआ।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, जिला महामंत्री जितेन्द्र गुप्ता, ब्लॉक उपाध्यक्ष लालसाय मिंज, पीटर लकड़ा, श्रीमती लक्ष्मी सोनी, मंडल अध्यक्ष सतेंद्र पाण्डेय, रामनाथ सिंह, सुनील भगत, भुनेश्वर सिंह, पी.एन. विश्वास, प्रदेश सचिव रामदेव जगते, संतोष यादव, आलोक सिंह, रामप्रसाद सिंह एवं जय कुमार सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)